केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेः सांसद अनिल बलूनी

गोपेश्वर (चमोली)। कलेक्ट्रेट सभागार गोपेश्वर में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद अनिल बलूनी ने डुमक-कलगोठ मोटर मार्ग और निजमुला-गौणा-पाणा ईरानी मोटर मार्ग निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई अधिकारियों से स्वीकृत सड़कों के निर्माण और अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

दिशा की बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, पूर्ति, श्रम, खेल एवं पशुपालन विभाग सहित कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

ये भी पढ़ें:  धामी सरकार का विकास पर बड़ा दांव, 26 कार्यों के लिए 22.15 करोड़ रुपये मंजूर

मनरेगा की समीक्षा में सांसद ने अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बीएसएनएल अधिकारियों को जिले के डार्क जोन चिह्नित कर नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को लंबित पेंशन मामलों का जल्द निस्तारण करने तथा दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। मुख्य शिक्षाधिकारी को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था विकसित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने सांसद निधि से सहयोग देने की भी बात कही। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और टीबी मुक्त अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा।

ये भी पढ़ें:  सीएम धामी ने खिलाड़ियों से कहा—दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से हासिल की जा सकती है बड़ी उपलब्धि

कृषि क्षेत्र की समीक्षा करते हुए सांसद ने जैविक खेती को बढ़ावा देने और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और रिसाइक्लिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 में 12.64 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में 76 हजार से अधिक परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं 128 क्लस्टरों के माध्यम से 9,347 किसान लगभग पांच हजार हेक्टेयर भूमि पर जैविक खेती कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखण्ड : सोलर पैनल लगाने वालों को बड़ी राहत, अब नहीं काटने पड़ेंगे UPCL दफ्तरों के चक्कर

इस दौरान बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पीडी आनंद सिंह, डीडीओ केके पंत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *